सलमान-जैकलीन ने 27 मार्च से तीन दिन चलने वाले आईफा के कार्यक्रमों का ऐलान किया, सलमान बोले- यहां 6 पीढ़ियों की यादें हैं


भोपाल सोमवार 3 फरवरी 2020 . आईफा अवॉर्ड्स-2020 की मेजबानी इस बार मध्य प्रदेश करेगा। फिल्म अभिनेता सलमान खान और जैकलीन फर्नांडीज ने कार्यक्रम की तारीखों की घोषणा कर दी है। मिंटो हॉल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कमलनाथ भी शामिल हुए। यहां सलमान और जैकलीन ने मुख्यमंत्री को आईफा मोमेंटो दिया। नैक्सा के शशांक श्रीवास्तव ने कमलनाथ को आईफा का पहला टिकट दिया। यह अवाॅर्ड्स 2019 में मुंबई में हुआ था। इससे पहले यह भारत से बाहर ही हुए हैं।
 


कार्यक्रम में सलमान बोले- होमग्राउंड पर बैठा हूं। यहां 6 पीढ़ियों की यादें हैं। सलमान ने अलवीरा की पैदाइश के बारे में बताया। उनकी मां 3 महीने इंदौर में थीं। भोपाल की सफाई पर सलमान ने कहा कि अगली बार सड़कें संगमरमर की होंगी। टिकट खरीदने की बात पर सलमान बोले- यहां पर मेरा खानदान बहुत बड़ा है, जितने पैसे मैं यहां कमाऊंगा, सब यहीं छोड़कर जाना पड़ेगा। 
 


सलमान ने कमलनाथ की उम्र के लिए कहा- ओल्डर तो नहीं हैं, यंगर ब्रदर ही कह सकता हूं
आईफा अवॉर्ड्स में जैकलीन का 10वां साल है। सलमान ने बताया कि सीएम सर शूटिंग में रीबेट दे रहे हैं। ट्राइबल म्यूजियम भोपाल के बारे में कहा कि आपको यहां विविधता मिलेगी। आप जरूर जाएं। हमारे त्योहार भी अलग-अलग होते हैं। सबसे बड़ी चीज यहां भाईचारे और एकता के वातावरण की है, वो किसी प्रदेश में नहीं है। हमारी धरोहर किसी और प्रदेश से कम नहीं है, बल्कि ज्यादा ही होगी।


सलमान ने बचपन का किस्सा शेयर किया


सलमान ने किस्सा बताया- हम छोटे थे तो पुलिया पर खड़े होते थे। जो भी दोस्त पास होता था वह 2 दिन बाद घर जा पाता था। सलमान ने यह पूछा कि यह अभी भी होता है तो मौजूद लोगों ने शोर मचाकर हामी भरी। सलमान से जब खाने के बारे में बताया। हम लोग खेत पर थे। मैं और अरबाज गेहूं के ढेर पर खेल रहे थे। तैशू, नेपाली हैं। अरबाज ने तैशू की चप्पल पहनी थीं। वह गेहूं के ढेर में खो गई। सलमान और अरबाज ने एक जगह से दूसरी जगह गेहूं का ढेर रखा लेकिन वो चप्पल आज तक नहीं मिली।
 


एक दिन भोपाल और दो दिन इंदौर में कार्यक्रम


आईफा 2020 का आयोजन 27 से 29 मार्च के बीच कराया जाएगा। एक दिन भोपाल और बाकी आयोजन इंदौर में होंगे। आईफा अवाॅर्ड में 400 से अधिक फिल्म कलाकार समेत पूरी फिल्म इंडस्ट्री से पांच हजार से ज्यादा लोग शिरकत करेंगे। आयोजन के लिए नेहरू स्टेडियम लगभग तय है। आयोजक कंपनी विजक्राफ्ट ने होलकर स्टेडियम और डेली कॉलेज की लोकेशंस भी देखी हैं।


90 देशों में होगा आईफा अवाॅर्ड 2020 का प्रसारण
जानकारी के अनुसार, आईफा अवाॅर्ड्स समारोह का प्रसारण दुनिया के 90 देशों में किया जाएगा, जिस पर 30 करोड़ रुपए व्यय होंगे। तीन दिन का यह समारोह एक दिन भोपाल और दो दिन इंदौर में होगा। पहला आईफा अवाॅर्ड्स समारोह 2000 में लंदन में आयोजित किया गया था। 


आईफा अवॉर्ड्स- 2020 में....


28 मार्च को मोहन सिस्टर्स लता मंगेशकर पर एक विशेष प्रस्तुति देंगी। लता मंगेशकर मध्यप्रदेश से ही हैं।
29 मार्च को अवॉर्ड्स के दौरान होस्ट सलमान खान खुद करेंगे। रीतेश देशमुख भी होंगे। कटरीना और जैकलीन भी इस दिन परफॉर्म करेंगी।