मोहन भागवत ने प्रचारकों से कहा, राष्ट्र विरोधी साजिश का डटकर करें मुकाबला


भोपाल बुधवार 5 फरवरी 2020। राष्ट्र विरोधी ताकतें देश के माहौल को खराब करना चाहती हैं। ऐसी राष्ट्र विरोधी साजिशों से सतर्क रहें। डटकर मुकाबला करें। युवाओं को, समाज को इन राष्ट्र विरोधी साजिशों से सतर्क करें। यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने मंगलवार को राजधानी स्थित शारदा विहार विद्यालय में आयोजित मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभाग प्रचारकों की बैठक में कही। संघ प्रमुख पिछले तीन दिन से भोपाल में हैं। सोमवार को उन्होंने जिला प्रचारकों के साथ बैठक की। बुधवार को वे भारतीय जनता पार्टी सहित अन्य संगठनों के साथ समन्वय बैठक करेंगे। इस बैठक में दोनों राज्यों के प्रदेशाध्यक्ष और संगठन महामंत्री शामिल होंगे। मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इसमें शामिल नहीं होंगे। दिल्ली चुनाव प्रचार में व्यस्त होने की उनकी सूचना आ गई थी। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह बैठक में शामिल होने के लिए बुधवार को भोपाल आ रहे हैं। ये बैठक दो दिन चलेगी। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह लोकसभा का सत्र छोड़ दो दिन इस बैठक में शामिल होंगे।
मोहन भागवत ने अपने भोपाल प्रवास के दूसरे दिन मंगलवार को कांग्रेस शासित मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ से आए हुए आरएसएस विभाग प्रचारकों के साथ बातचीत जारी रखते हुए दोनों राज्यों में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों के बारे में फीडबैक लिया। दोनों राज्यों में 15 साल तक (वर्ष 2003 से वर्ष 2018 तक) भाजपा की सरकार थी। पिछले विधानसभा चुनावों में भाजपा की हार के बाद पिछले 14 महीने से दोनों राज्यों में अब कांग्रेस सत्ता में है।