नई दिल्ली मंगलवार 11 फरवरी 2020. दिल्ली विधानसभा चुनाव के रुझानों में 62 सीटों पर आगे चल रही आम आदमी पार्टी (आप) को स्पष्ट बहुमत मिलना तय लग रहा है। हालांकि, उसे 5 से ज्यादा सीटों का नुकसान हो रहा है। भाजपा 8 सीटों पर आगे है, यानी पिछली बार से 5 सीटों की बढ़त है। कांग्रेस का लगातार दूसरे चुनाव में खाता खुलता नजर नहीं आ रहा है। कुछ चौंकाने वाले रुझान भी सामने आ रहे हैं। जिस शाहीन बाग को भाजपा ने दिल्ली चुनाव में मुद्दा बनाया वहां आप प्रत्याशी अमानतुल्लाह खान आगे हैं। उधर, पटपड़गंज से उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया 12 राउंड की गिनती तक पीछे चलरहे थे, वे 13वें राउंड में 3129 वोटों से आगे हो गए हैं।
70 विधानसभा सीटों के लिए 8 फरवरी को 62.59% वोट डाले गए थे। भाजपा 22 साल और कांग्रेस 7 साल से सत्ता से दूर है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तीसरी बार सीएम बनने जा रहे हैं। वे पहली बार 2013 में 48 दिन इस पद पर रहे, फिर इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने दूसरी बार 14 फरवरी 2015 को सत्ता संभाली थी।
अरविंद केजरीवाल सुबह करीब 9 बजे ही दफ्तर पहुंच गए थे। उनके साथ मनीष सिसौदिया और गोपाल राय भी थे। संजय सिंह टीवी चैनलों पर नजर आते रहे। हालांकि, कोई नेता बाहर नहीं आया। दफ्तर के बाहर लॉन और सड़क पर मीडिया का जमावड़ा था। पुलिस ने किसी परेशानी से बचने के लिए यहां ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया। सुबह 11 बजे करीब कुछ नए पोस्टर लगे। इन पर लिखा था- ‘दिल्ली के बाद देश निर्माण।’ कार्यकर्ता ‘लगे रहो केजरीवाल’ थीम सॉन्ग पर थिरकते नजर आए।
नतीजों के बाद ही मीडिया से बातचीत
आप दफ्तर में सिर्फ ग्राउंड फ्लोर है। इसके ऊपरी हिस्से यानी छत पर पंडाल लगाया गया है। यहां बेहतरीन सजावट है। सफेद और नीले गुब्बारों के साथ ही फूलों की झालरें भी लटकाई गई हैं। पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगा है लेकिन यह बहुत वक्त तक खामोश ही रहा। पुलिसकर्मी पैदल मार्च करते नजर आए। आप के कार्यकर्ताओं का कहना था कि नतीजों की तस्वीर पूरी तरह साफ होने के बाद ही पार्टी कोई औपचारिक ऐलान करेगी। कुछ उत्साही कार्यकर्ता पटाखे और आतिशबाजी का सामान लेकर आए लेकिन उन्हें ऐसा करने से रोक दिया गया। जैसे ही टीवी चैनलों पर ये खबर आई कि डिप्टी सीएम मनीष सिसौदिया पटपड़गंज से पीछे चल रहे हैं, कुछ मायूसी नजर आई। हालांकि, कार्यकर्ताओं का कहना था कि अंत में सिसौदिया जीत जाएंगे।