फर्रुखाबाद / पुलिस ने बंधक बनाए गए 23 बच्चों को 8 घंटे बाद छुड़ाया; मुठभेड़ में बदमाश ढेर, अस्पताल में पत्नी की भी मौत


लखनऊ (उत्तर प्रदेश) शुक्रवार 31 जनवरी 2020. फर्रुखाबाद में जमानत पर छूटे हत्या के दोषी ने गुरुवार को 23 बच्चों को 8 घंटे तक घर में बंधक बनाए रखा। दिन में पुलिस और एटीएस बच्चों को छुड़ाने में नाकाम रही। इसके बाद देर रात एनएसजी कमांडो का एक दस्ता फर्रुखाबाद रवाना हुआ। लेकिन रात करीब 1 बजे पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर ऑपरेशन चलाया और बदमाश सुभाष बाथम के घर का दरवाजा तोड़कर बच्चों को सुरक्षित निकाला। इसी दौरान मुठभेड़ में बाथम मारा गया। पुलिस ने जख्मी हालत में उसकी पत्नी रूबी को अस्पताल भेजा, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बदमाश ने गांववालों से बदला लेने के लिए बेटी की बर्थडे पार्टी के बहाने बच्चाें काे बुलाकर अंडरग्राउंड कमरे में बंद कर दिया था।


डीजीपी ओपी सिंह ने देर रात 1:10 बजे बताया कि पुलिस ने पिछले दरवाजे से घर में घुसने की कोशिश की। इस पर बाथम ने फायरिंग की और जवाबी कार्रवाई में मारा गया। इस दौरान उसकी पत्नी भी घायल हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस टीम को 10 लाख रु. इनाम देने की घोषणा की है।


बाथम के घर से राइफल और गोला-बारूद मिला
आईजी मोहित अग्रवाल ने बताया कि बाथम के घर की तलाशी के दौरान राइफल-कारतूस और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद हुआ है। इतने असलहा से वह पुलिस के साथ तीन दिन तक मोर्चा ले सकता था। ज्यादा वक्त तक पुलिस को इंगेज रख सके, इसलिए रुक-रुककर फायरिंग कर रहा था। शुरुआत में दहशत पैदा करने के लिए उसने पुलिस और ग्रामीणों पर गोलीबारी की। इसमें कई लोग घायल हुए।


बदमाश ने 6 बार फायरिंग की, हथगोला भी फेंका
मोहम्मदाबाद के करथिया गांव में जमानत पर बाहर आए बाथम ने बेटी के जन्मदिन के बहाने बच्चों को घर बुलाया। फिर सभी को एक अंडरग्राउंड कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद वह नशे में छत पर चढ़कर चीखने लगा कि अब पुलिस उसे पकड़ने आई, तो नतीजा भुगतना पड़ेगा। यहां गांव के लोग जमा हो गए। बच्चों को छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम पर उसने गोलियां चलाईं। 2 पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने बाथम के दोस्त को उसे मनाने के लिए भेजा, उसे भी गोली लगी है। बाथम ने 6 बार फायरिंग की और घर के बाहर हथगोला भी फेंका था। इतना ही नहीं उसने 35 किलो बारूद से घर को उड़ाने की धमकी भी दी।


साजिश: साल में दूसरी बार मनाया बेटी का बर्थडे
एक पड़ोसी ने बताया कि सुभाष साल में दूसरी बार बेटी का बर्थडे मना रहा था। वह 8-10 हजार रुपए का सामान लाया था। मोहल्ले में खेल रहे बच्चों को उसने टॉफी का लालच देकर बुलाया। जब एक महिला अपने बच्चे को लेने गई तो बाथम ने लोगों पर फायरिंग शुरू कर दी।


शक: गांव वालों की वजह से ही मर्डर केस में फंसा
बाथम को मौसा की हत्या के मामले में उम्रकैद हुई थी। 10 साल तक वह जेल में रहा। फिर हाईकोर्ट ने जमानत दे दी। करीब चार महीने पहले स्वाट टीम उसे चोरी के मामले में पकड़कर ले गई थी, तभी से वह गांव के लोगों से दुश्मनी रखता था। उसे शक है कि गांव वालों की वजह से ही वह मर्डर केस में फंसा। पुलिस और ग्रामीणों से बदला लेने के लिए उसने बच्चों को बंधक बनाने की योजना बनाई।


टाइम लाइन:


2 बजे: सुभाष बाथम ने मोहल्ले के बच्चों को बर्थडे पार्टी का लालच देकर बुलाया।
4 बजे: बाथम के घर पर आयोजित बर्थडे पार्टी में बच्चे पहुंचे।
5 बजे: सुभाष ने छत पर पहुंचकर बताया कि उसने बच्चों को बंधक बना लिया है।
5:30 बजे: गांव वालों ने बाथम के करीबी दोस्त को बात करने भेजा, उसने पैर में गोली मार दी। सूचना देने के 45 मिनट बाद पुलिस पहुंची।
6 बजे: पुलिस ने सुभाष से बातचीत शुरू की, इस बीच बदमाश ने फायरिंग की, जिसमें 2 पुलिसकर्मी घायल हुए।
6:15 बजे: बदमाश ने घर के अंदर से हथगोला (लो रेडिएंट बम) फेंका।
6:30 बजे: डीएम-एससपी मौके पर पहुंचे। बाथम ने स्थानीय विधायक को बुलाने की मांग की। इसी बीच उसने दोबारा फायर किया।
7:00 बजे: उच्च अधिकारियों को हालात की जानकारी दी गई। बाथम के पास हथियार होने के चलते खतरे का अंदेशा भी जताया गया।
7:30 बजे: डीजीपी ने एटीएस टीम को मौके पर पहुंचने का आदेश दिया। एनएसजी से भी संपर्क किया गया।
9:10 बजे: सीएम योगी ने तमाम आला अधिकारियों की बैठक बुलाई।
9:20 बजे: एटीएस की टीम मौके पर पहुंची, घर को घेरा गया।
9:30 बजे: एटीएस की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
10:00 बजे: ड्रोन के जरिए घर के अंदर की तस्वीरें ली गईं।
11:00 बजे: एनएसजी कमांडो का दस्ता फर्रुखाबाद के लिए रवाना।
11:30 बजे: बदमाश ने बेहोश हो चुकी एक बच्ची को छोड़ा।
12:00 बजे: सुभाष बाथम ने पुलिस को मांग पत्र भेजा।
01:00 बजे: दो और बच्चों को बाहर निकाला गया। 
01:05 बजे: पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से ऑपरेशन चला बच्चों को बचाया। बदमाश भी ढेर।
01:10 बजे: डीजीपी ओपी सिंह ने बदमाश के मारे जाने की पुष्टि की।
02:00 बजे: मुख्यमंत्री ने पुलिस टीम को 10 लाख रुपए इनाम देने की घोषणा की।