शुक्रवार 31 जनवरी 2020 संसद का बजट सत्र शुक्रवार से शुरू हो रहा है। 1 फरवरी को पेश होने वाले आम बजट से पहले आज केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन आर्थिक सर्वेक्षण ( Economic Survey) पेश करेंगी। Economic Survey के जरिए सरकार बताएगी कि देश की आर्थिक स्थिति कैसी है। इससे पहले राष्ट्रपति का अभिभाषण होगा। संसद के केंद्रीय कक्ष में संसद के दोनों सदनों को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद संबोधित करेंगे। पढ़िए दिनभर का अपडेट -
संसद परिसर में विपक्ष का प्रदर्शन
संसद की कार्रवाई शुरू होने से पहले सोनिया गांधी की अगुवाई में विपक्षी दलों ने सीएए और एनआरसी के खिलाफ प्रदर्शन किया। इन नेताओं ने हाथों पर काली पट्टी बांध रखी थी और नारेबाजी कर रहे थे।
यूरोपीय संसद में वोटिंग से पहले मोदी जाएंगे ब्रसेल्स
यूरोपीय संसद में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ संयुक्त प्रस्ताव पर मतदान टलने को अपनी बड़ी कूटनीतिक जीत मान रही भारत सरकार फिलहाल चुप नहीं बैठने वाली। यूरोपीय संसद में सीएए के खिलाफ यह वोटिंग मार्च तक टल गई है। ऐसे में ठीक उससे पहले फरवरी में न सिर्फ विदेश मंत्री एस जयशंकर यूरोपीय संघ के देशों की यात्रा पर जाएंगे बल्कि उसके तुरंत बाद मार्च के मध्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी ब्रसेल्स की यात्रा पर जाएंगे। बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स शहर में ही यूरोपीय संसद है और पीएम मोदी वहां भारत-यूरोपीय संघ की 15वीं बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक का उद्देश्य भारत और यूरोपीय संघ के आर्थिक तथा कूटनीतिक रिश्तों को आगे बढ़ाना है, लेकिन कहने की जरूरत नहीं कि इस दौरान भारत की तरफ से सीएए पर अपना पक्ष मजबूती से रखने में कोई कोताही नहीं होगी।