3 दिन में 2 सुपर ओवर, दोनों भारत जीता; इस बार शार्दुल ने आखिरी ओवर में न्यूजीलैंड को 7 रन नहीं बनाने दिए


खेल डेस्क  शुक्रवार 31 जनवरी 2020  . भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी-20 की सीरीज का चौथा मैच सुपर ओवर में जीता। टीम इंडिया लगातार दूसरा मैच सुपर ओवर में जीती। इससे पहले पिछले मैच को भी उसने इसी तरह अपने नाम किया था। भारत ने मैच में पहले 165 रन बनाए। न्यूजीलैंड की टीम भी 20 ओवर में 165 रन बना सकी। उसे आखिरी ओवर में जीत के लिए 7 रन बनाने थे, लेकिन शार्दुल ठाकुर ने सिर्फ 6 रन दिए।


सुपर ओवर में भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने गेंदबाजी की। उन्होंने कॉलिन मुनरो और टिम शिफर्ट को सिर्फ 13 रन ही बनाने दिया। भारत के लिए कप्तान विराट कोहली और लोकेश राहुल बल्लेबाजी के लिए उतरे। राहुल एक छक्का और एक चौका लगाने के बाद आउट हो गए। इसके बाद कोहली ने सैमसन के साथ मिलकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
साउदी ने छठी बार सुपर ओवर में गेंदबाजी की, 5 बार हारे
टिम साउदी ने न्यूजीलैंड के लिए छठी बार सुपर ओवर में गेंदबाजी की। वे पहली बार 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम जीत दिला सके थे। इसके बाद 2012 में श्रीलंका और वेस्टइंडीज, 2019 में इंग्लैंड और 2020 में भारत के खिलाफ दो बार उनकी टीम हार गई।


न्यूजीलैंड ने सुपर ओवर में सिर्फ ऑस्ट्रेलिया को हराया


मैच किसके खिलाफ कब कहां नतीजा
टी-20 भारत 2020 वेलिंगटन हार
टी-20 भारत 2020 हैमिल्टन हार
टी-20 इंग्लैंड 2019 ऑकलैंड हार
वनडे इंग्लैंड 2019 लॉर्ड हार
टी-20 वेस्टइंडीज 2012 पल्लेकेले हार
टी-20 श्रीलंका 2012 पल्लेकेले हार
टी-20 ऑस्ट्रेलिया 2010 क्राइस्टचर्च जीत
टी-20 वेस्टइंडीज 2008 ऑकलैंड हार
मुनरो-शिफर्ट के अर्धशतक के बावजूद न्यूजीलैंड नहीं जीता


इससे पहले न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो 64 रन बनाकर आउट हुए। कोहली ने उन्हें रनआउट किया। मुनरो ने करियर का चौथा अर्धशतक लगाया। मार्टिन गुप्टिल 4 रन बनाकर आउट हो गए। बुमराह की गेंद पर राहुल ने उनका कैच लिया। टॉम ब्रूस (0) को चहल ने बोल्ड किया। भारत के लिए मनीष पांडेय ने नाबाद 50 रन बनाए। उन्होंने 2 साल बाद टी-20 में अर्धशतक लगाया। यह उनके करियर का तीसरा अर्धशतक है। लोकेश राहुल ने 39 और शार्दुल ठाकुर ने 20 रनों का योगदान दिया।


कोहली 11 और अय्यर 1 रन बनाकर आउट


विराट कोहली 11 रन बनाकर आउट हुए। बेनेट की गेंद पर सेंटनर ने उनका कैच लिया। श्रेयस अय्यर एक रन बनाकर ईश सोढ़ी की गेंद पर आउट हुए। न्यूजीलैंड के लिए ईश सोढ़ी ने 3 और हामिश बेनेट ने 2 विकेट अपने नाम किए। इससे पहले संजू सैमसन 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। स्कॉट कुगलिन की गेंद पर सेंटनर ने उनका कैच लिया। उन्होंने एक छक्का लगाया। सैमसन को श्रीलंका के खिलाफ 10 जनवरी को मौका दिया गया था। तब वे 6 रन बनाकर ही आउट हो गए थे। शिवम दुबे (12) को ईश सोढ़ी ने टॉम ब्रूस के हाथों कैच कराया। वॉशिंगटन सुंदर (0) को सेंटनर ने बोल्ड किया।